औड़िहार रेलवे स्टेशन पर लावारिस बाइकों की छानबीन करती राजकीय रेलवे पुलिस।
- फोटो : GHAZIPUR
सैदपुर। औड़िहार जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के क्रम में चलाए गए अभियान के तहत सोमवार को रेलवे कैंपस के सेफ जोन में खड़ी लगभग डेढ़ दर्जन बाइकों का जीआरपी ने चालान किया। साथ ही आरक्षण केंद्र पर बिना टिकट एवं बे-वजह खड़े आधा दर्जन युवकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। इस कार्रवाई से जंक्शन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हाल के दिनों में आरक्षण टिकट खिड़की पर दलालों की सक्रियता की शिकायत पर जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक एसके साहनी के देख-रेख में दो टीम गठित की गई। सुबह के10 बजे आरक्षण शुरू होते ही प्रभारी निरीक्षक ने अपने टीम के साथ आरक्षण केंद्र के सामने लाइन लगे लोगों की जब जांच की तो आधा दर्जन युवक बिना किसी प्रपत्र के शामिल थे। गिरफ्तार युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। दूसरे क्रम में रेलवे के सेफ जोन में खड़ी डेढ़ दर्जन वाहनों का चालान किया गया। जीआरपी ने परिक्षेत्र में अवैध रूप से लगाए ठेले एवं वाहनों को चेतावनी दी कि कठोर कार्रवाई की जाएंगी। टीम में प्रभारी निरीक्षक एसके साहनी, सुधीर राय, विनोद यादव, रामकुमार यादव आदि मौजूद रहे। स्थानीय रेलवे जंक्शन पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एके सुमन, परिवाद निरीक्षक राकेश श्रीवास्तव, सीएस विनोद यादव ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद रेलवे प्लेटफार्म पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त बैठक हुई थी।