नगर के सभी वार्डों का कायाकल्प होने वाला है। शहर में कुल 25 वार्ड हैं। इन वार्डों में नगर पालिका प्रशासन की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत सीसी रोड और ढक्कनयुक्त नाली का निर्माण 15.5 करोड़ की धनराशि से कराया जाएगा। इससे शहर की पौने दो लाख की आबादी को सहूलियत मिलेगी।
शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य को धार देने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने और निर्माण कार्य होने के बाद नगर के लोगों को जर्जर व गड्ढायुक्त सड़कों पर हिचकोले खाने से मुक्ति मिलेगी। ढक्कनयुक्त नालियों का निर्माण होने से बदबू व दुर्गंध से भी निजात मिलेगी। अब तक नगर के कई वार्डों में नालियां जर्जर हो चुकी हैं। साथ ही उन पर लगाए गए ढक्कन भी टूट गए हैं। इससे लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
साथ ही हादसे की आशंका बनी रहती है। नगर पालिका ईओ अमिता वरुण ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत नगर में विभिन्न कार्यों के लिए प्रस्ताव बना लिया गया है।