गाजीपुर। खेल निदेशालय की ओर से आयोजित जूनियर वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं में मंगलवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शहर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम और नवीन स्टेडियम में कबड्डी, वॉलीबॉल और हॉकी के मुकाबले हुए, जिनमें कई रोमांचक मैच देखने को मिले।
कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल सीबी अकादमी ‘ए’ और नेहरू स्टेडियम की टीम के बीच खेला गया। कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में सीबी अकादमी ने 25-24 अंकों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। जिला क्रीड़ाधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि जूनियर बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में सनबीम स्कूल ने एमके कुरैशी कॉलेज को 25-18 और 25-21 से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में करहिया की टीम ने सदर वॉलीबॉल क्लब को 25-14 और 25-12 से मात दी। फाइनल मुकाबले में करहिया ने सनबीम स्कूल को 25-12 और 25-13 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। हॉकी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
पहले सेमीफाइनल में करमपुर ने सादात को 2-0 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में गाजीपुर की टीम ने करमपुर ‘बी’ को 1-0 से पराजित किया। फाइनल में करमपुर ने गाजीपुर को 1-0 से हराकर खिताब जीत लिया। कबड्डी का पुरस्कार वितरण जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सचिदानंद तिवारी, वॉलीबॉल का युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार और हॉकी का सह जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद कुमार ने किया।