कोतवाली क्षेत्र के बाईपास मार्ग स्थित काली मंदिर के पास मंगलवार की रात एक दंत चिकित्सक के मकान में सेंध लगाकर घुसे चोर 40 हजार रुपये नगदी तथा हजारों के जेवर चुरा ले गए। इस मामले में पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
रेलवे स्टेशन बाजार निवासी डा. जेपी गुप्ता की पत्नी दंत चिकित्सक डा. सावित्री गुप्ता का बाईपास रोड पर काली मंदिर के पास श्री हेल्थ केयर अस्पताल है। इसी क्लीनिक में ऊपर उनका मकान भी है। बीते मंगलवार की रात अस्पताल के पिछली दीवार में सेंध लगाकर चोर मकान में दाखिल हो गए।
इसके बाद कमरे में रखी आलमारी, अटैची, बक्सा एवं बेड को खंगालने लगे। इस दौरान खटपट की आवाज सुनकर डाक्टर जेपी गुप्ता के भाई महेश गुप्ता की नींद टूट गई। वह जैसे ही कमरे में गए, वहां मौजूद चार नकाबपोश चोर उसे मारने-पीटने लगे।
बचाव में जब अस्पताल कर्मी अशरफ आगे आया तो उस पर भी हमला बोल दिया। किसी तरह अशरफ वहां से छत के रास्ते बारजे से नीचे कूदकर भागना चाहा, लेकिन काफी ऊंचाई होने की वजह से कूदने पर उसके पैर में फैक्चर हो गया। वह मौके पर ही गिरकर चोर-चोर का शोर मचाने लगा।
उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जग गए और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले की नकाबपोश चोर हजारों रुपए मूल्य का सामान लेकर फरार हो चुके थे। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अशोक तिवारी ने बताया कि डा. जेपी गुप्ता के भाई महेश गुप्ता ने चोरी की जानकारी दी है। मामले की छानबीन की जा रही है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी एएन सिंह का कहना है कि चोर घुसे थे, लेकिन मोबाइल और कुछ रुपये के अलावा कुछ नहीं ले गए हैं।