नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव के पास लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हुई हत्या मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर रात मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए जहां पुलिस की तीन टीम जुटी है, वहीं छह से अधिक संदिग्धों को उठाकर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस टीम कुछ लोगों के बीच झगड़ा सहित अन्य बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। इधर पुलिस एक से दो दिन में हत्याकांड का पर्दाफाश करने का दावा किया है।
करंडा थाना क्षेत्र के नारी पचदेवरा गांव निवासी सत्यम सिंह (24) नंदगंज बाजार में मां के साथ किराये के मकान में रहता था। वह परमेठ स्थित आईटीआई का छात्र भी था। देर रात करीब दस बजे बरहपुर गांव के सामने सड़क किनारे खड़ी बाइक और कुछ दूरी पर खून से लथपथ सत्यम सिंह की आवाज सुनकर ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के शरीर पर लाठी-डंडे के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल अवस्था में युवक को उपचार को लेकर जिला अस्पताल लेकर आई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर मृतक के बड़े भाई शिवम सिंह ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं घटना स्थल का एसपी रोहन पी बोत्रे और एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने निरीक्षण किया। साथ ही मातहतों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद दिशा- निर्देश दिया।
एसपी ने घटना का पर्दाफाश करने के लिए तीन टीम गठित की है। इधर टीम कई संदिग्धों को उठाकर पूछताछ करने में जुटी हुई है। इस संबंध में एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक से दो दिन के अंदर हत्याकांड का पर्दाफाश हो जाएगा। कुछ युवकों में झगड़ा का विवाद समझ में आ रहा है। फिलहाल छानबीन चल रही है। आरोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में होंगे।