जखनिया विधायक बेदीराम के प्रतिनिधि समेत दो लोगों के खिलाफ शाजियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है।
यह मुकदमा सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने समेत आठ संगीन धाराओं में दर्ज किया गया है। वहीं, विधायक प्रतिनिधि ने भी तहरीर दी है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
पीडब्ल्यूडी के जेई वीरेंद्र कुमार ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि बभनौली चट्टी से खुटहन प्राथमिक पाठशाला संपर्क मार्ग के नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। 28 मार्च को वह अपने विभागीय मेठ, बेलदार और संसंधित ठेकेदार प्रतिनिधि सोनू व अन्य लोगों के साथ गए।
आरोप है कि कार्यस्थल पर लगभग 11:45 बजे जखनिया विधायक बेदीराम के प्रतिनिधि अरविंद राम के साथ पीयूष राम व अन्य लोग आए। अनायास गालीगलौज करते हुए सड़क उखाड़ने लगे। जेई ने आपत्ति जताई तो पीयूष राम ने गाली देते जानलेवा हमला कर दिया।
साथ ही मोबाइल छीन लिया। थानाध्यक्ष श्यामजी यादव ने बताया कि विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तरफ से भी तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।