जमानिया। लहुवार चट्टी स्थित अंग्रेजी शराब और बियर की दुकान पर शराब देने से इनकार करने पर सेल्समैन के साथ हुई मारपीट में पुलिस ने सोमवार को दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
लहुवार गांव की चट्टी स्थित एक अंग्रेजी और बियर की दुकान पर सराय शरीफ गांव निवासी हीरालाल बिंद सेल्समैन के रूप में कार्य करते हैं। बीते रविवार की रात वह दुकान बंद बाहर सो रहे थे। लगभग 11:30 बजे दुकान पर पहुंचे गांव के ही एक युवक ने शराब मांगी। सेल्समैन ने दुकान बंद होने की बात कहते हुए शराब देने से मना कर दिया। इसके कुछ देर बाद युवक अपने पिता संजय राय को साथ लेकर वापस आया और दोनों ने मिलकर गालीगलौज कर थप्पड़ और लात-घूंसे से सेल्समैन को पीट दिया। सूचना पर पहुंची डायल-112 की गाड़ी देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने जाते समय सेल्समैन को जान से मारने की धमकी दी। इसे लेकर सेल्समैन ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।