कोतवाली क्षेत्र के नगवा चट्टी के पास शनिवार की रात को एक ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।
जहां डॉक्टरों ने दो की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया। जबकि एक का उपचार कर घर भेज दिया। इधर पुलिस फरार चालक की तलाश और ट्रक की पहचान करने में जुटी हुई है। शादियाबाद थाना क्षेत्र के मलिकपुरा गांव निवासी निलेश कुमार भारती (36) पांच भाईयों में सबसे छोटा था।
निलेश चार पहिया वाहन चलाकर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। छपरी गांव से किसी काम से पांच से छह लोगों को कार में बैठाकर वाराणसी गया था। घर वापस लौटते समय नगवा चट्टी के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक रात का फायदा उठाकर ट्रक सहित फरार हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने चार पहिया वाहन का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। जहां डाक्टरों ने चालक निलेश कुमार भारती को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से दो घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मां लक्ष्मी देवी और पत्नी पूनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। इस संबंध में कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्जकर ट्रक को चिह्नित करने के साथ चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।