शहर के मिरानपुर स्थित एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन के तनाव मुक्त परीक्षा में मु
गाजीपुर। परीक्षा में अच्छे अंक लाने को लेकर छात्रों में तनाव बढ़ रहा है। बेहतर अंक लाने के लिए किसी छात्र को तनाव लेने की जरूरत नहीं है, बल्कि पूरे मनोयोग से मेहनत करते रहने की आवश्यकता है। सकारात्मक एवं आशावादी रहकर विद्यार्थी इसका सामना आसानी से कर सकते हैं। हमेंं अपने बच्चों को ऐसा वातावरण देना चाहिए कि उनको तनाव न हो, इसके लिए बच्चों की समय-समय पर काउंसलिंग जरूरी है। विद्यालय में शिक्षकों और घर पर अभिभावकों को खास ध्यान देना होगा। यह मंत्र अमर उजाला की ओर से एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को आयोजित तनावमुक्त परीक्षा कार्यक्रम में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. शिवकुमार ने विद्यार्थियों को दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय जो तनाव होता है वह सिर्फ इसलिए होता है क्योंकि हम खुद पर विश्वास नहीं करते। इस दौरान व्यवस्थित जीवन शैली अपनाएं, किसी भी प्रकार का तनाव नहीं लेना चाहिए। टाइम मैनेजमेंट करें और पढ़ाई के दौरान पूरा ध्यान लगाकर पढ़ें। अभिभावकों को बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार पढ़ने देना चाहिए। लगातार कई-कई घंटे पढ़ाई करने से अच्छा होगा कि उसे दो-तीन घंटों में बांट लेना चाहिए। पर्याप्त नींद और पौष्टिक भोजन जरूर लें, साथ ही रोज आधा घंटे योग जरूर करें। उन्होंने कहा कि मोबाइल का सकारात्मक उपयोग ही बच्चे करें, इसके लिए अभिभावकों और शिक्षकों को सजग होना पड़ेगा। परीक्षा करीब है, ऐसे में जो समय शेष है, छात्र-छात्राएं उसका सदुपयोग करें। कहा कि पारिवारिक जनों को विद्यार्थियों की मनोदशा एवं चुनौतियां को समझते हुए उनका समर्थन करना चाहिए। समय-समय पर उनका उत्साहवर्द्धन करना चाहिए। इस मौके पर प्रधानाचार्य पार्थ नंदी, उप प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिन्हा, को-आर्डिनेटर शैलेंद्र राय, स्वप्निल श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। कार्यशाला का संचालन डाॅ. शरद कुमार वर्मा ने किया।