ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान 12 दिन तक जले ट्रांसफाॅर्मर न बदले जाने के मामलों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए गाजीपुर के गहमर के अधिशासी अभियंता को निलंबित कर दिया। वहीं संबंधित अधीक्षण अभियंता को भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर निलंबन की चेतावनी दी गई। बैठक में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जले ट्रांसफाॅर्मरों को समय से बदलना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और जनता को अनावश्यक परेशानी पहुंचाने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। समीक्षा के दौरान गाजीपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बिजली आपूर्ति और जले ट्रांसफाॅर्मरों को बदलने में देरी के मामलों पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। ऊर्जा मंत्री ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक संदीप कुमार को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की गति तेज की जाए तथा काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी विद्युत अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा आशीष गोयल, विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों तथा विद्युत निगमों के प्रबंध निदेशक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।