स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों में बांटी एक्सपायर दवाएं
रेवतीपुर ब्लॉक के युवराजपुर गांव में बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों में वितरित की गई क्लोरीन, कैल्शियम, आयरन, ओआरएस, जिंक, एंटीबायोटिक्स और लीवर टॉनिक, एलर्जी की दवा सहित कई जीवन रक्षक दवाओं के एक्सपायर होने का मामला प्रकाश में आया है। दवाओं के सेवन के बाद लोगों को लोग उल्टी, दस्त, पेट दर्द आदि की शिकायत होने पर स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही का खुलासा हुआ। जब ग्रामीणों ने विभाग की ओर से वितरित की गई दवाओं पर अंकित एक्सपायरी की तिथि को देखा तो उनके होश उड़ गए।
वहीं जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी धर्मात्मा त्रिपाठी को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही की जानकारी मिलते ही युवराजपुर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने विभाग की टीम द्वारा वितरित की गई दवाओं को घरों से बाहर फेंकना शुरू कर दिया। युवराजपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चुनमुन सिंह ने एक्सपायर दवाओं को लेकर ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी के पास पहुंचकर पूरी स्थिति की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ धर्मात्मा त्रिपाठी को तलब करते हुए तुरंत दूसरी दवाएं वितरित करने के साथ एक्सपायर दवाओं के वितरण की पूरी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।