सांसद अतुल राय की संपत्ति कुर्क
- फोटो : अमर उजाला
इस मामले में अतुल राय के खिलाफ आपराधिक साजिश के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने संपत्ति का ब्यौरा जुटाना शुरू किया था। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के निर्देश पर कमिश्नरेट पुलिस और गाजीपुर पुलिस, जिला प्रशासन ने अतुल राय के पैत्तृक गांव वीरपुर में अलग-अलग मौजों की दो करोड़ रुपये कीमत जमीन को कुर्क करते हुए नोटिस बोर्ड भी लगाया। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर रहीं।
पिछले माह छह अगस्त को विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए सियाराम चौरसिया की कोर्ट ने अतुल राय को दुष्कर्म मामले में बरी किया था। वहीं, तीन दिन पूर्व वाराणसी कोर्ट में पेशी से पहले अतुल राय अचेत हो गया था। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट मुकदमे में सांसद अतुल राय की दो करोड़ मूल्य की जमीन को कुर्क किया गया।
वाराणसी पुलिस आयुक्त के न्यायालय ने घोसी सांसद अतुल राय के खिलाफ भेलूपुर थाने में दर्ज गैंगेस्टर के मामले में धारा 14 (1) के तहत आठ सितंबर को कार्रवाई का निर्देश दिया था। भेलूपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक रमाकांत दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को भांवरकोल थाने पहुंची। इधर, नगर के सीओ सिटी गौरव और मुहम्मदाबाद तहसीलदार विजय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में बरेसर, मुहम्मदाबाद, करीमुद्दीनपुर एवं भांवरकोल पुलिस और राजस्व टीम पहुंची।
दोपहर एक बजे से कार्रवाई शुरू हुई और सांसद अतुल राय की वीरपुर गांव के बहोरा, आमी, चकभागो, वाजिदपुर, सिमरिया और पलिया मौजे में 1.48 हेक्टेयर जमीन कुर्क कर ली गई। जमीन पर नोटिस बोर्ड लगाया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई इस जमीन पर छेड़छाड़ करता है तो उसके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शासन की कार्रवाई का डंडा संगठित अपराध को अंजाम देने वालों के खिलाफ लगातार चल रहा है। आईएस 191 गैंग के लीड मुख्तार अंसारी और उनके करीबियों की अब तक 65 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। जबकि गैंग से संबंधित 109 करोड़ की संपत्ति को ध्वस्त कराया जा चुका है। यहीं नहीं मुख्तार अंसारी पर तकरीबन तीन दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। मुख्तार अंसारी के बड़े भाई गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी की अब तक करीब 43 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।