खरारी नदी पर बनें नए पुल की रेलिंग बनातें हुए कारीगर ।
- फोटो : GHAZIPUR
सादात। मनिहारी ब्लाक के टड़ियाव ग्राम सभा में मलकना नामक स्थान के पास खरारी नदी पर बने नए पुल से आवागमन शुरु हो गया है। रेलिंग न होने के कारण नदी में गिरने की किसी घटना की आशंका के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी की ओर से पुल की रेलिंग के निर्माण का कार्य शुरु करा दिया गया है। मंगलवार को पुल के दोनों तरफ मिट्टी की भराई और रेलिंग के निर्माण का कार्य जारी रहा। लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय जेई चंद्रन वर्मा ने मंगलवार को मिट्टी भराई और रेलिंग के निर्माण कार्य की प्रगति का मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को पुल के पश्चिम तरफ मिट्टी का कार्य लगभग 15 मीटर तक पुल की सीध में कराने का निर्देश दिया। इस सिरे पर पुल से पार होते ही सड़क पूरी तरह से उत्तर तरफ 90 अंश पर मुड़ गई। इस मोड़ को देखते हुए किसी भी खतरे को टालने के लिए पुल की सीध में घुमाव लेने तक मिट्टी भराई का कार्य कराया जा रहा है। मौक पर उपस्थित होकर मिट्टी का कार्य करा रहे सामाजिक कार्यकर्ता सुदामा राजभर ने बताया कि पुराने जर्जर पुल पर से आवागमन को रोक दिया गया है और उसके दोनों किनारों पर सावधान, पुल क्षतिग्रस्त का अवरोधक लगा दिया गया है। पुल पर वाहनों के उतार-चढ़ाव को देखते हुए अभी मिट्टी की भराई का कार्य कई दिन आगे तक चलेगा।