निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता की कमी मिलने पर लगाई फटकार
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। सादात ब्लाॅक के पिपनार स्थित निर्माणाधीन गो-संरक्षण केंद्र का सोमवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता की कमी मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी और ठेकेदार द्वारा दोयम दर्जे का ईंट प्रयोग किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को ठेकेदार के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रांतीय खंड पीडब्लूडी के अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश के लिए शेडों का निर्माण, नाली खंडजा, विद्युत वायरिंग, रंगाई- पोताई, भूसा स्टोर, गोवंश के पीने के पानी के लिए टैंक आदि का निर्माण, आश्रय स्थल की संपूर्ण भूमि के किनारे-किनारे वायर फैंसिंग के कार्य, शेडों के बीच मिट्टी भराई के कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मौके पर एसडीएम सैदपुर, सीवीओ, बीडीओ सादात सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।