सुहवल। थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट गंगबरार में बुधवार को गंगा में डूबने से एक बालक की मौत हो गई। वह गंगा के तट पर हुई सब्जी की खेती को देखकर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि ताड़ीघाट मल्लाह बस्ती निवासी प्रेमचंद ने बताया कि परिवार के भरण-पोषण के लिए गंगबरार क्षेत्र में सब्जियों की खेती करते हैं। उनका पुत्र आकाश चौधरी (12) खेती की देखरेख के बाद नाव से घर लौट रहा था। बीच नदी में अचानक नाव अनियंत्रित हो गई, जिससे आकाश संतुलन खोकर गहरे पानी में गिर गया। आस-पास मौजूद लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि गंगा में डूबने से किशोर की मौत हुई है।