गाजीपुर। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया गया है। अति संवेदनशील प्लस बूथ पूरी तरह से पैरा मिलिट्री फोर्स के कब्जे में रहेंगे। चुनाव में अशांति न फैले इसके लिए जिले के सभी सीमाएं सील रहेंगी। गड़बड़ी फैलाने वालों से पुलिस जहां सख्ती से निपटेगी वहीं वह जेल भेजे जाएंगे और उन पर कुर्की कार्रवाई होगी।
जिले में अंतिम चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। इसको सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगे हुए हैं। चुनाव की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए दो एडिशनल एसपी, सात सीओ, 609 एसआई, 330 हेड कांस्टेबल, 5723 कांस्टेबल, 5922 होमगार्ड एवं पीआरडी और दो कंपनी सीआरपीएफ, तीन कंपनी दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वाले 12 हजार लोगों को चिन्हित करने के साथ पुलिस ने पहले ही वारंट ले लिया है। इनके द्वारा किसी भी कृत्य की सूचना मिलते ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। इसके अलावा 20 हजार तक लोगों को पाबंद किया गया है, इनके द्वारा कोई गड़बड़ी किए जाने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। बार्डर को सील कर वहां फोर्स तैनात की गई है। वाहनों की चेकिंग की जाएगी। मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से जल पुलिस भी लगातार चक्रमण करती रहेगी। चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की तो पुलिस उससे सख्ती से निबटेगी। किसी को भी मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी।