सुहवल। शहर कोतवाली अंतर्गत श्मशान घाट पर बीते 29 अक्तूबर को गंगा में डूबे युवक का शव तीसरे दिन शनिवार की सुबह वीर अब्दुल हमीद सेतु के नीचे उतराया मिला। शव घटना स्थल से 100 मीटर दूरी पर मिला।
शव मिलने की जानकारी होने पर परिवार के सदस्य गंगा घाट पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अकलपुरा रजदेपुर देहाती निवासी राजू कुशवाहा उर्फ शेखर (35) पड़ोसी के निधन पर श्मशान घाट पर गया था।
घाट पर पहुंचने के बाद वह खड़ा था। तभी अचानक अपने पिता से यह कहते हुए गंगा नदी की ओर दौड़ पड़ा कि अब जा रहा हूं। इससे पहले कि पिता और वहां मौजूद लोग उसे रोक पाते, वह नदी में उतर गया। पिता और अन्य लोग उसे आवाज लगाते रहे, लेकिन तबतक वह गहरे में चला गया।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से तलाश कराई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
घटना के तीसरे दिन सुबह 6 बजे श्मशान घाट से करीब 100 मीटर दूर वीर अब्दुल हमीद सेतु के नीचे गंगा स्नान करने गए लोगों ने राजू कुशवाहा के शव को उतराया देखा, जिसके बाद शव को खींच कर किनारे पर लाया गया। कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
राजू परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके छोटे भाई का नाम दिनेश कुशवाहा है। राजू टोटो पर आइसक्रीम और मोमोज बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि उसके पिता काशी कुशवाहा सब्जी बेचते हैं।
शव देख पत्नी रंजना कुशवाहा, बेटी आकांक्षा, अंशिका, छोटा बेटा अंश और मां राधिका देवी सहित परिजन रोने- बिलखने लगे। कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।