दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर डेहमा हाल्ट स्थित फुट ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव क्षत-विक्षत स्थिति में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि संभवत: किसी ट्रेन की जद में आने से युवक की कटकर मौत हो गई है।
करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान बलिया जनपद के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के फिरोजपुर (राजेंद्र नगर) निवासी अनिल गुप्ता (40) के रूप में हुई। पुलिस की ओर से सूचना दिए जाने पर मौके पर परिजन पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि अनिल गुप्ता पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे।
बृहस्पतिवार की शाम वह घर से निकला थे, लेकिन देर रात नहीं लौटे। इसी दौरान जानकारी मिली कि ताजपुर डेहमा हाॅल्ट पर एक शव मिला है।
पत्नी अर्चना गुप्ता और मां सावित्री देवी शव को देखकर बिलख रही थीं। उनके दो बेटे प्रतीक (8) और सार्थक (5) हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पूरी तरह से पता चलेगा।