जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा स्थित निजी विद्यालय के पास कुएं में शनिवार को गैरेज मैकेनिक का शव मिला। वह दो-तीन दिनों से लापता था। ढाई घंटे बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। निजी विद्यालय के सामने स्थित कुएं के पास सुबह 11.30 बजे गांव का एक लड़का बकरी चरा रहा था। तभी नजर कुएं में गिरे एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। वह गांव में गया और जानकारी लोगों को दी। पुलिस ने शव को रस्सी के सहारे कुएं से कड़ी मशक्कत के बाद 2 बजे उसे बाहर निकाला। शिनाख्त वाराणसी के राजेश विश्वकर्मा (38) के रूप में हुई। मृतक घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूरी पर स्थित वाहन के गैरेज में मैकेनिक था। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि कुएं में गैरेज में काम करने वाले मैकेनिक का शव मिला है। पूछताछ में पता चला कि वह दो- तीन से लापता थे। साथी तलाश में जुटे थे, लेकिन पता नहीं चल सका था। शव को मॉर्च्यूरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।