भीमापार। जौहरगंज स्थित उपकेंद्र से भीमापार और मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन का तरवनिया गांव के पास शनिवार को दिन में केबल बॉक्स जल गया। इससे क्षेत्र से जुड़े 100 गांव की आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते ठंड के मौसम में संबंधित गांव के लोगोंं को पेयजल की समस्या से दो-चार होना पड़ा। शनिवार सुबह केबल पर लोड अधिक पड़ा, ऐसे में तरवनिया गांव के पास बिजली का केबल बॉक्स जल गया। भीमापार और मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति को बंद कर दी गई। इसके बाद केबल बॉक्स को बदलने के लिए विद्युत कर्मचारी लगे रहे लेकिन देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली न रहने के कारण शाम होते ही गांवों में अंधेरा छा गया। मोबाइल डिस्चार्ज होने से लोग कहीं बात नहीं कर सके। लंबी दूरी की लाइन के साथ लोड के कारण यहां आए दिन केबल बॉक्स जलने से बिजली आपूर्ति को लेकर कोई न कोई समस्या बनी रहती है। भीमापार के एसडीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि केबल बॉक्स जलने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। विद्युत कर्मी मौके पर पहुंचकर केबल को दुरुस्त कर रहे हैं। दुरुस्त होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।