कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर नहर पुलिया के पास बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। बाइक पुलिया के पास क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार की शाम मोबाइल पर किसी की कॉल आने के बाद बाइक लेकर घर से निकल था।
देर रात घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। पिता ने तहरीर देकर गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुबह गांव के कुछ लोग बहादुरपुर नहर पुलिया के तरफ टहलने गए थे। तभी उनकी नजर पुलिया के पास युवक के शव पर पड़ी। शोर सुनकर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव की शिनाख्त हरपुर गांव निवासी प्रिंस यादव (30) के रुप में हुई। पुलिस को मौके पर क्षतिग्रस्त बाइक और मोबाइल मिला। फॉरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर जाकर जांच कर रही है।प्रिंस की मौत की सूचना से उसकी पत्नी आशा देवी और मां विद्या देवी रो-रोकर बेहाल हो गई।
पिता बृजमोहन यादव ने तहरीर में बताया कि रात में बेटे के मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। इसके बाद वह बाइक लेकर घर से निकला था। पिता ने गांव के पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का लग रहा है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मामले में तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस युवक की कॉल डिटेल खंगाल रही है। परिजनों के मुताबिक, प्रिंस यादव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह घर पर ही रहता था। वह तीन बेटियों और एक बेटे का पिता था।