बहादुरगंज। नगर के एक स्कूल में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कटे हुए नाम जोड़ने, मृतकों के नाम हटाने तथा अन्यत्र निवास कर रहे मतदाताओं की त्रुटियां सुधारने के लिए तीन दिवसीय कैंप लगाया गया था। इसी दौरान बहादुरगंज के बूथ संख्या 82 की बीएलओ मुन्नी श्रीवास्तव ने एसआईआर कार्य की समीक्षा के समय मानदेय न मिलने से नाराज होकर कार्य का बहिष्कार करते हुए धरने पर बैठ गईं। बीएलओ के धरने पर बैठने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एआरओ) कौशल चौरसिया ने उसे शीघ्र मानदेय दिलाए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मुन्नी श्रीवास्तव ने काम शुरू कर दिया। वहीं, एआरओ को सौंपे गए पत्रक में बीएलओ मुन्नी श्रीवास्तव ने बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं। बीएलओ नियुक्त होने से उन्होंने नवंबर में एसआईआर का कार्य किया, लेकिन आरोप है कि एएनएम मीना पटेल ने उनका मानदेय रोक दिया। पूछने पर यह कहा गया कि जब वह एसआईआर का कार्य कर रही हैं तो स्वास्थ्य विभाग से मानदेय कैसे मिलेगा। एआरओ कौशल चौरसिया ने बताया कि पूरे मामले से स्वास्थ्य विभाग को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही संबंधित मानदेय जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीएलओ को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।