मरदह। क्षेत्र के बिहरा-चौराबोझ गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए शनिवार को 20 लाख रुपये की लागत से कार्य का शिलान्यास ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह ने किया। यह कार्य मनरेगा योजना के तहत कराया जाएगा। बिहरा-चौराबोझ गांव के संपर्क मार्ग का निर्माण होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। वहीं ब्लॉक मुख्यालय से दूरी दस किमी तक कम हो जाएगी। पंडित की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन के बांद पांच ईट रखकर कार्य का शुभारंभ किया गया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सरकार की मंशानुरूप गांव, गरीब, किसान, नौजवान सभी को विकास की मुख्य धारा में शामिल कराना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चाहे लाख रूकावटें उत्पन्न हो, मैं विकास कार्यों से गांवों का कायाकल्प करने के लिए कृतसंकल्पित हूं। गांव के विकास के साथ ही विकसित भारत के संकल्पों को पूरा करना हमारी सरकार की सोच है। भाजपा के जिला महामंत्री अवधेश राजभर ने कहा कि कार्य के पूर्ण होने से चौराबोझ, श्रवणडीह, बौरी, पारा, रानीपुर, तिलाड़ी, महमूदपुर, अकैथा सहित दर्जनों गांव ब्लॉक मुख्यालय से सीधे जुड़ जाएंगे। उनकी दूरी 10 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इस मौके पर बृजेश सिंह, रामाश्रय राय, प्रमुख प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, प्रधान संतोष कुमार, ओमप्रकाश राय आदि मौजूद रहे।