बारा। कुतुबपुर गांव के पास 33 केवी हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर खराब हो जाने से बारा उपकेंद्र के फीडर बंद रहे। इससे करीब पांच हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति छह घंटे तक ठप रही। दिनभर लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे कुतुबपुर गांव के पास 33 केवी हाईटेंशन लाइन के पोल पर लगा इंसुलेटर पंचर हो गया। इंसुलेटर पंचर होने से बारा उपकेंद्र के बारा, कुतुबपुर, रोइनी, भटपुरवा आदि गांवों की बिजली छह घंटे गुल रही। बिजली आपूर्ति बाधित होने से इन गांवों में पेयजल का संकट भी गहरा गया। लोग सुबह से पानी के लिए भटकते नजर आए। घरों में सुबह कामकाज निपटाने में दिक्कत हुई। लोग आसपास के हैंडपंपों से पानी लाने के लिए मजबूर रहे। दोपहर तक बिजली न आने से लोगों ने उपकेंद्र में फोन कर फाल्ट की जानकारी ली। सूचना पर बिजलीकर्मियों द्वारा सुबह हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग की गई। एसएसओ कैलाश यादव और मोहन राय ने टीम के साथ पहुंचकर फाल्ट ठीक कराया। शाम करीब तीन बजे आपूर्ति बहाल हो सकी, तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता रामप्रवेश चौहान ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के एक खंभे का इंसुलेटर खराब हो गया था। अब स्थिति सामान्य हो गई है।