शहर के छावनी लाइन भाजपा के जिला कार्यालय पर कॉल सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ करते पार्टी के जिला
गाजीपुर। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। बुधवार को छावनी लाइन स्थित जिला कार्यालय पर कॉल सेंटर का शुभारंभ किया गया। जिला प्रभारी अजीत चौबे और जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने फीता काटकर इसकी शुरुआत की। इस दौरान कॉल सेंटर में कार्यरत कर्मियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रभारी अजीत चौबे ने कहा कि पार्टी की नीतियों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने में आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनजागरूकता बढ़ाने और संगठन की बात जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के सिद्धांतों को केंद्र में रखकर केंद्र और प्रदेश सरकारें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर प्रभावी जनसंपर्क स्थापित करने को कहा। इस मौके पर जिला महामंत्री अवधेश राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, अविनाश सिंह, कार्तिक गुप्ता, सनी चौरसिया, प्रमोद राय, शशांक राय, शिवम प्रकाश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।