हाथरसकांड को लेकर बिटिया को न्याय दिलाने के लिए हसनपुरा गांव में लोगों ने निकाला कैंडल मार्च।
- फोटो : GHAZIPUR
रेवतीपुर/जमानिया। हाथरस कांड को लेकर जनपद के कोने-कोने में बिटिया को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन जारी है। जमानिया तहसील मुख्यालय से लेकर रेवतीपुर में पुरूष, महिलाओं और बेटियों ने मोमबत्ती जलाकर कैंडिल मार्च निकाला और न्याय की गुहार की। जमानिया संवाददाता के मुताबिक तहसील क्षेत्र के नरियांव उर्फ उमरगंज गांव में रविवार की देर रात हाथरस की बिटिया को न्याय दिलाने के लिए दर्जनों लोग हाथों में मोमबत्ती लेकर सड़क पर उतर आए और सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग की। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुणाल मौर्य ने कहा कि पीड़िता के शव का जिस तरह रात में जबरन दाह संस्कार किया गया। वह मानवता को शर्मसार करने वाला है। परिवार वालों को किसी से मिलने नहीं दिया गया। गुनहगारों को फांसी से कम की सजा न दी जाए ताकि इस प्रकार का कृत्य करने से पहले लोग डरें और यह एक नजीर के रूप में पेश हो। कहा कि इस प्रकरण में दोषी पाए गए पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। मार्च नरियांव गांव से अंबेडकर पार्क होते हुए उमरगंज गांव स्थित सब्जी मंडी में समाप्त हुआ। इस अवसर पर रंजीत मौर्य, पंकज सिंह गोल्डन शर्मा, मुकेश यादव, आनंद मौर्य, अनीष भारती, लवकुश कुशवाहा, धर्मेंद्र पासवान, कृष्ण पासवान आदि उपस्थित थे।
रेवतीपुर : बिटिया को न्याय दिलाने के लिए रविवार की देर शाम हसनपुरा गांव में ओम श्री बकसू बाबा एकेडमी के संचालक समाजसेवी भूतपूर्व सैनिक विनोद गुप्ता के नेतृत्व में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला पीड़िता को न्याय और परिवार के समर्थन में सड़क पर उतर कर न्याय की गुहार लगाई। महिला और युवाओं ने कैंडल मार्च निकालते हुए आरोपियोें को फांसी की सजा की मांग की। विनोद गुप्ता ने कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री मौन धारण क्यों किए हुए हैं। रात में बेटी का अंतिम संस्कार क्यों किया गया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को उनके परिजनों से मिलने से रोका गया। जबकि लोकतांत्रिक देश में सब लोगों को अपनी बात कहने और पीड़ितों से मिलने का अधिकार है। इस दौरान मौजूद लोगों ने बृजेश कुमार पांडे, रजनीश कुमार उपाध्याय, खेसारी, अवधेश कुमार, संतोष, ओमप्रकाश, राकेश कुमार आदि रहे।