खानपुर। थाना क्षेत्र के शादीभादी-बाबतपुर सड़क मार्ग पर मंगलवार की देर रात बाइक सवार छह लोगों ने एक डंपर चालक को पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को सैदपुर सीएचसी भेज दिया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी महातिम यादव का पुत्र डंफर चालक गुड्डू यादव (25) मंगलवार की रात तेलियानी के पास बालू गिराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी बीच रात करीब दस बजे शादीभादी-बाबतपुर मार्ग पर शादीभादी गांव के पास तीन बाइक पर सवार छह युवकों ने उसे रोक लिया। उन्होंने लाठी-डंडे से पीट कर उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। जानकारी होते ही ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना से अवगत कराते हुए एंबुलेंस से सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा दिया। चालक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।