भांवरकोल। थाना क्षेत्र के कोटवा-नारायणपुर मार्ग स्थित कनुवान चट्टी के पास रविवार रात सड़क पर पड़ी गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने बताया कि बलिया जिले के नारायणपुर निवासी शुभम कुमार (26) अपने साथी प्रमोद यादव के साथ बाइक से लट्ठूडीह की ओर जा रहा था। बाइक प्रमोद चला रहा था, जबकि शुभम पीछे बैठा था। कनुवान चट्टी के पास सड़क पर पड़ी गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में शुभम कुमार के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़ऊर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शुभम की मौत हो गई। वहीं घायल प्रमोद यादव का उपचार बक्सर में चल रहा है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मोरध्वज दूबे मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। बताया जा रहा है कि मृतक शुभम गोविंदपुर क्षेत्र में टोटो चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था।