गाजीपुर/जंगीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के देवकठिया गांव के सामने अज्ञात वाहन के धक्के से शनिवार की रात बाइक सवार सेल्समैन की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार एवं ग्रामीण शव लेकर एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित वाहन एजेंसी पर पहंुचे। शव को उसके मुख्य गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दो घंटे बाद पहुंचे कोतवाल ने समझा- बुझाकर शांत कराया। वाहन एजेंसी के मैनेजर ने युवक के दाहसंस्कार के लिए परिजनों को आर्थिक मदद करने के साथ हर संभव मदद का परिजनों को आश्वासन दिया। जंगीपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव (23) एआरटीओ कार्यालय के पास एक चार पहिया वाहन एजेंसी में सेल्समैन का काम करता था। प्रतिदिन की तरह वह रात में बाइक से घर जा रहा था। देवकठिया गांव के सामने फोरलेन पर अज्ञात वाहन के धक्के से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया। दूसरे दिन परिजनों द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार और ग्रामीण पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर वाहन एजेंसी पर पहुंचे और शव को मुख्यगेट के पास रखकर मुआवजे की मांग करने लगे। दोपहर 2.30 बजे से साढ़े चार बजे तक लोग प्रदर्शन करते रहे। पुलिस मौके पर पहुंची। समझाने लगी, लेकिन बात नहीं बनी। जानकारी होने पर दो घंटे बाद पहुंचे कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने समझा- बुझाकर मामला शांत कराया।
इस दौरान एजेंसी के मैनेजर ने युवक के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को आर्थिक मदद करने के साथ कंपनी से और मदद कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर घर के लिए रवाना हुए। इस संबंध में कोतवाल दीनानाथ पांडेय ने बताया कि समझा- बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है।