गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 201 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। गत वर्ष की तुलना में इस बार 52 केंद्र कम बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की संख्या घटाने के पीछे परीक्षार्थियों संख्या कम होना बताया जा रहा है। इस बार परीक्षा में वर्ष 2023 की तुलना में 21549 परीक्षार्थी कम बैठेंगे। जिसमें हाई स्कूल में 11006 और इंटरमीडिएट में 10543 परीक्षार्थियों ने कम रजिस्ट्रेशन कराया है। हाईस्कूल में 9421 छात्रों और 1585 छात्राओं की संख्या घटी है। जबकि इंटरमीडिएट में छात्रों की संख्या 6184 और छात्राओं की संख्या 4359 है।
वर्ष 2024 की परीक्षा में कम रजिस्ट्रेशन होने के पीछे जो कारण बताया जा रहा है उसमें मुख्य नकल पर लगाम लगना है। नकल पर लगाम लगने से ऐसे तमाम छात्र जो विद्यालय पढ़ने नहीं आकर केवल परीक्षा में ही बैठते रहे हैं। उन पर भी लगाम लगी है। दूसरे जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों पर प्रतिबंध लगने के कारण भी रजिस्ट्रेशन में कमी आई है।
इसके अलावा नेपाल से भी आने वाले फर्जी परीक्षार्थियों के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगने से रजिस्ट्रेशन कम हुआ है। इसके चलते पिछले तीन साल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की संख्या लगातार घटती रही है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं द्वारा घर के आसपास विद्यालय न होने और परीक्षा केंद्र दूर होने के कारण रजिस्ट्रेशन कम हुआ पाया गया है।
परीक्षाओं में नकल की दुष्प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के मद्देनजर माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी अधिनियम के चलते नकल कराने वाले माफियाओं पर भी नकेल लगी है । नकल माफियाओं द्वारा दूसरे जिले, प्रदेश और देश से फर्जी परीक्षार्थियों को बुलाकर विगत वर्षों में रजिस्ट्रेशन कराया जाता रहा है। इससे जिले में काफी रजिस्ट्रेशन होता रहा है लेकिन जब से नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने का अध्यादेश जारी हुआ है तब से सही रजिस्ट्रेशन हो रहा है और सिर्फ जिले के परीक्षार्थियों द्वारा ही रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा हैं। अध्यादेश के चलते जिले में एक बाहरी परीक्षार्थियों का प्रवेश नहीं हो रहा है, जो कम रजिस्ट्रेशन होने का कारण रहा है।