बाल-बाल बची पीड़िता, हाथ में जलने से हुआ जख्म
मुकदमा दर्जकर छानबीन में जुटी पुलिस, पूछताछ शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के लोदीपुर मुहल्ले में शनिवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने कांग्रेस की नेता पर तेजाब फेंक दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी। संयोग रहा कि पीड़िता बाल-बाल बच गई, लेकिन हाथ में हल्का जख्म हो गया।
जमानिया स्टेशन निवासी गायत्री देवी कांग्रेस पार्टी से नगर पालिका अध्यक्ष पद की पूर्व प्रत्याशी रहीं हैं। शनिवार को कोतवाली में आयोजित थाना दिवस से ब्यूटी पार्लर का कोर्स करने जा रही थी। लोदीपुर मुहल्ले में पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनपर तेजाब फेंक दिया और भाग गए। घटना से सहमी गायत्री देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं और वहां इलाज कराने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई।
सीओ विधि भूषण मौर्य एवं प्रभारी निरीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आस-पास मौजूद लोगों से पूछताछ की। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बारे में जिसने भी सुना वो हतप्रभ रह गए। जबकि घटना स्थल के आस-पास दुकानें है और एक मकान में कई मजदूर काम कर रहे थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि महिला गायत्री देवी की तहरीर पर अशोक, विनोद और आकांक्षा तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।