ईयरफोन से नहीं सुन सका ट्रेन का हार्न, चपेट में आने से बाइकसवार की मौत
हरबल्लमपुर गांव के सामने बुधवार की देर शाम हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हरबल्लमपुर गांव के सामने बुधवार की देर शाम ट्रेन की जद में आने से कान में ईयरफोन लगाए बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ने ट्रेन को रोक दिया। लोगों ने इंजन में फंसे बाइक को निकाला। मौके पर पहुंचे परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर छत-विछत शव को घर लाए।
रामपुर फफुआव गांव निवासी फिरोज (18) बुधवार की देर शाम बाइक से किसी कार्य से जा रहा था। वह कान में इयरफोन लगाया था। करीब छह बजे हरबल्लमपुर गांव के सामने रेलवे लाइन से बाइक सहित पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान बाइक लाइन में फंस गई। डाउन लाइन पर आ रही पैसेंजर ट्रेन के चालक की जैसे ही युवक पर नजर पड़ी, वह लगातार हार्न बजाने लगा, लेकिन कान में ईयरफोन लगा होने से शायद फिरोज को आवाज सुनाई नहीं दिया। तब तक ट्रेन करीब आ गई और बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक इंजन में फंस गई। इससे युवक बाइक के साथ घसीटता हुआ करीब 50 मीटर दूर तक गया। चालक ने ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्रा घबरा गए। जैसे ही उन्हें यह जानकारी हुई कि कोई युवक बाइक सहित ट्रेन की जद में आ गया, लोग उतरकर इंजन के पास पहुंच गए। मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई। लोगों ने पहचान कर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिवार के मौके पर पहुंच गए। शव पर नजर पड़ते ही दहाड़े मारकर चीखने-चिल्लने लगे। ट्रेन चालक ने लोगों की मदद से इंजन में फंसी बाइक को निकाला। ट्रेन चालक ने परिजनों को बताया कि युवक कान में ईयरफोन लगाया था। लगातार हार्न बजाने के बाद भी नहीं हटा। परिवार के लोग पुलिस को सूचना दिए बिना ही छत-विक्षत शव लेकर घर चले गए। इस संबंध में कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि ऐसी किसी घटना की न तो किसी सूचना दी है ना तहरीर। सूचना या तहरीर मिली तो मामले की छानबीन शुरु की जाएगी।
000
इनसेट
बिलखते हुए ईयरफोन को कोसते रहे परिजन
गाजीपुर। फिरोज की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। जिसे भी जानकारी हुई, वह घर पहुंचकर बिलख रहे लोगों को ढांढस बंधाने में जुट गया। लोग घटना की चर्चा करने लगे। यह कहने लगे कि फिरोज को रेलवे क्रासिंग से होकर निकलना चाहिए था। क्योंकि अन्य स्थानों से बाइक को रेलवे लाइन से पार करने में अधिकांश ऐसा होता है कि वह फंस जाती है। परिवार के लोग बिलखते हुए घटना के लिए ईयरफोन को कोसते रहे।