नंदगंज। थाना क्षेत्र के मुड़वल गांव के सामने गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन पर मंगलवार की शाम पिकअप के धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहेड़ी गांव निवासी सर्वजीत सिंह (37) घर से गाजीपुर शहर जा रहे थे। मुड़वल गांव सामने किसी का फोन आ गया। वे बाइक एक तरफ रोककर हाइवे के किनारे खड़ा होकर मोबाइल से बात करने लगे। इसी बीच सैदपुर से गाजीपुर की तरफ तेज रफ्तार से जा रही पिकअप ने पीछे से बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक एक निजी स्कूल में गाड़ी चलाने का काम करता था। इधर दुर्घटना की जानकारी होते ही परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।