गहमर। बारा बस स्टैंड के पास लगा 250 केवीए ट्रांसफार्मर शॉर्ट सर्किट के कारण जलने से करीब 400 घरों में अंधेरा छाया हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर ना बदल ले जाने के कारण लोगों में आक्रोश व्याप्त है। चार दिनों से बिजली आपूर्ति के अभाव में लोगों का हाल बेहाल हो गया है।
बिजली विभाग के द्वारा बारा बस स्टैंड पर 250 केवीए के ट्रांसफार्मर के जरिए संबंधित क्षेत्र के सैकड़ों घरों और दुकानों को बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन चार दिन पूर्व तकनीकी खराबी के कारण हुए शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर जल गया, जिसके बाद से ही संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। गांव निवासी इमरान भारती, विजय यादव, सब्बू खान, इबरार खान, सय्यद जावेद, मुन्ना खान आदि ने बताया कि कई बार ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत संबंधित जेई को बिजली अधिकारियों को की गई, लेकिन चार दिनों बाद भी विभाग द्वारा कोई ठोस पहल नहीं किया गया है। उधर बिजली आपूर्ति के अभाव में लोगों के सामने पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई है। लोगों का गर्मी और उमस से हाल बेहाल हो गया है।चेताया कि अगर जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन को बाध्य होना पड़ेगा।