दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के अतरौला गांव के पास सोमवार की देर शाम ट्रैक्टर के टक्कर से बाइक सवार एक युवक हल्के रूप से घायल हो गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। वह बाइक को एक ईंट भट्ठा पर खड़ाकर चला गया। सुबह बाइक लेने पहुंचा तो देखा कि किसी ने खेत में बाइक को आग लगाकर जला दिया था। उसने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
मालूम हो कि अतरौला गांव निवासी अनिल राम सोमवार की देर शाम बाइक से नायकडीह बाजार जा रहा था। इसी दौरान गांव में ही ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक की टक्कर हो गई, जिससे वह हल्के रूप से जहां घायल हो गया, वहीं बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। अनिल पास ही स्थित एक ईंट भट्ठा पर बाइक लेकर पहुंचा और मालिक को अवगत कराते हुए बाइक खड़ाकर घर चला गया। मंगलवार की सुबह बाइक लेने पहुंचा तो देखा कि किसी ने बाइक को जला दिया था जिससे वह पूरी तरह से नष्ट हो गई थी। पीड़ित ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि ऐसी घटना की न तो किसी ने सूचना दी है और न ही तहरीर। सूचना या तहरीर मिली तो मामले की छानबीन शुरू की जाएगी।