जिला अस्पताल में रोती मृतक विनय की पत्नी अन्नू राय।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोड़ऊर गांव में बुधवार की देर रात शराब के नशे में धुत बेटे ने पिता और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड में भयाेहू ने जेठ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। वारदात को अंजाम दे हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने हत्यारोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की हैं। टीम लीडरों को तत्काल गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। उधर हत्या के बाद पुलिस की निगरानी में पिता-पुत्र के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और लाश परिजनों को सौंप दिया गया।
गोड़ऊर निवासी राजनारायण राय (65) घर से पांच सौ मीटर दूर स्थित दरवाजे पर खाना खाने के बाद सो रहे थे। इसी बीच शराब के नशे में धुत उनका बड़ा पुत्र अंजनी राय दरवाजे पर पहुंचा और गाली देने लगा। इसके बाद भी कोई प्रतिक्रिया न होने पर तमंचे से पिता की पीठ में गोली मार दी। गोली उनके सीने को चीरती हुई बाहर निकल गई और घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहां से वह असलहा लहराते हुए घर के तरफ बढ़ा और दरवाजे से सौ मीटर आगे पहुंचते ही उसका छोटा भाई विनय राय (35) सामने मिला। अभी वह कुछ समझ पाता की हत्यारोपी ने उसके पेट में भी गोली मार दी।
गोली लगते ही विनय घर की तरफ भाग और आंगन में आकर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए वहां से भाग निकला। पिता-पुत्र को गोली लगने के बाद ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुुलिस ने देर रात पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोहरे हत्याकांड की जानकारी होते ही रात करीब तीन बजे पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद एसपी ने आरोपी को पकड़ने के लिए एसपी सिटी प्रदीप दूबे और कासिमाबाद सीओ के नेतृत्व में भांवरकोल, जमानिया, नोनहरा, करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्षों की टीम गठित की और हत्यारोपी के गिरफ्तारी का आदेश दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वाट टीम को भी हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। घटना में मृतक विनय राय की पत्नी अन्नू राय ने ससुर और पति की हत्या के मामले में जेठ अंजनी राय के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
इस संबंध में एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि परिवार वालों के मुताबिक आरोपी हमेशा शराब के नशे में घर पहुंचता था और उत्पात मचाता था। घर वालों के साथ झगड़ा करना उसकी आदत बन चुकी थी। बुधवार की रात आरोपी ने नशे की हालत में ही घटना को अंजाम दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी और सीओ कासिमाबाद के नेतृत्व में पुुलिस की चार टीम गठित की गई है। उनके मुताबिक बहुत जल्द हत्यारोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।