गाजीपुर। भाकपा (माले) और अखिल भारतीय खेग्रामस के कार्यकर्ताओं ने मनरेगा के तहत काम दो नहीं तो बेरोजगारी भत्ता दो आदि मांगों को लेकर जमानिया ब्लाक सचिव विजयी वनवासी के नेतृत्व में बरुइन, बरेसर में मुराली वनवासी, सोनहरिया में जगबली राजभर, कसेरा में लालू बिंद, तियरी में अखिलेश कुशवाहा तथा मथारे में लालजी वनवासी के नेतृत्व में धरना दिया। बरुइन में हुई सभा में ब्लाक सचिव विजयी वनवासी ने कहा कि योगी सरकार मजदूरों को सिर्फ कागजों में काम दे रही है। इसलिए गांव-गांव में धरना देकर काम मांगना पड़ रहा है।
उन्होंने काम नहीं तो बेरोजगारी भत्ता देने तथा 200 दिन काम, 500 रुपया रोजाना दाम देने की मांग उठाई। कहा कि आज जरूरत है कि प्रशासन हर गरीब को प्रति यूनिट 15 किलो राशऩ मुफ्त में छह महीना तक उपलब्ध कराए ताकि गरीब जिंदा रह सके। खेग्रामस के ब्लाक संयोजक जगबली राजभर ने सोनहरिया में कहा कि मजदूरों, गरीब के खाते में एक हजार भेजने की घोषणा केवल कागज में है। कसेरा में मनरेगा कोआर्डिनेटर, तियरी, बरुइन, बरेसर एवं मथारे में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने पत्रक और पावती लिया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित धरना सभा में लालजी वनवासी, मुराली वनवासी, बुच्चीलाल, विनोद, लालू बिंद, झम्मन, राजनारायन, रामअवध बिंद एवं अखिलेश कुशवाहा ने विचार व्यक्त किया।