हरतरा गांव के मोड़ स्थित एक इंटर कॉलेज के पश्चिम झंगिया लिंक मार्ग पर जैसे ही दोनों सेल्समैन मुड़े, उधर पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना में सर्वेश यादव के पेट में तो दीपक के हाथ में गोली जा लगी।
दोनों सेल्समैन लहूलुहान स्थिति में सड़क पर गिरकर छटपटाने लगे। घायल दीपक के शोर मचाने पर कॉलेज में सो रहे प्रबंधक और प्रधानाचार्य घटना स्थल पर पहुंचे। इधर वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को मिर्जापुर पीएचसी लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने सर्वेश यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि दीपक यादव का उपचार चल रहा है। मृतक का पोस्टमार्टम बीएचयू में ही कराया जा रहा है। इधर घटना के बाद से परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम पसर गया। इधर ग्रामीणों में आशनाई को लेकर हत्या करने की चर्चा बनी हुई है।
एसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि परिजनों के मुताबिक गांव के ही मनोज यादव ने गोली मारी है। नामजद मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश की जा रही है।