जमानिया। कोतावली क्षेत्र के बेटाबर खुर्द गांव में बृहस्पतिवार की शाम खेत की मेढ़बंदी कर रास्ता रोकने पर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। मामला तूल पकड़ते देर नहीं लगा और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इसमें दोनों पक्षों से छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
इलाके के बेटाबर खुर्द गांव में अपने खेत में मेढ़बंदी करने पर डा. हरिचरण कुशवाहा सहित अन्य लोग रोक रहे थे, तभी विपक्षी आदित्य सिंह आदि मौके पर पहुंच गए। दोनों तरफ से कहासुनी और नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस बीच धारदार हथियार से हमलाकर डॉ हरिचरण कुशवाहा (58) उनके पुत्र संतोष (33) और गांव के राकेश सिंह (30) को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर दूसरे पक्ष से अश्वनी कुमार सिंह (54) एवं आदित्य किशन (42) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित डॉ हरिचरण कुशवाहा की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर शुक्रवार की सुबह चार लोगों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। घटना में तीनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉ हरिचरण कुशवाहा ने बताया कि मैं अपने पुत्र संतोष कुशवाहा और भाई विनोद के साथ खेत में मेढ़बंदी कर रहा था। इसी बीच मेरे पट्टीदार आदित्य नारायण सिंह धारदार हथियार से लैस हो कुछ लोग को लेकर खेत पर पहुंच गए और मेढ़बंदी करने से रोकने लगे। विरोध करने पर अचानक मेरे और पुत्र पर हमला कर दिया। बीच बचाव में पहुंचे गांव के राकेश सिंह की भी उंगली कट गई। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष के हरिचरण की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें से चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर संबंधित धाराओं में चालान किया गया है। जबकि एक अभियुक्त की गिरफ्तार के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
---------------------------