कासिमाबाद पुलिस द्वारा पकड़ा गया चोरी का सिलेंडर के साथ आरोपियों से पूछताछ करते एसपी अरविंद सेन।
कासिमाबाद पुलिस ने शुक्रवार को डाही पुलिया पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक युवक को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में युवक की निशानदेही पर चोरी के 27 सिलेंडर बरामद कर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने इस बात का खुलासा करते हुए बताया कि इसमें पकड़ा गया रजनीश बीबीए कोर्स के फाइनल का छात्र है।
एसपी ने बताया कि क्षेत्र में हो रही लगातार चोरियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ करने के निर्देश पर कासिमाबाद थानाध्यक्ष विकास पांडेय फोर्स के साथ आज दोपहर गंगौली स्थित डाही पुलिया वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच अलावलपुर चट्टी की ओर से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया।
पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया पर वह नहीं रुका, पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा युवक को धर दबोचा। पूछताछ में युवक ने बाइक चोरी की बताई। साथ उसने बताया कि वह चोरी का सिलेंडर बेचने का काम करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के छुपाकर रखे 27 सिलेंडर बरामद किया।
एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने करीमुद्दीनपुर थाना के महशनपुर निवासी रजनीश कुमार, कासिमाबाद थाना के सुकहा गांव निवासी प्रवीण कुमार, परजीपाह निवासी संतोष कुमार, वेदबिहारी गांव निवासी गोविंद राम और नोनहरा थाना क्षेत्र के बौरी गांव निवासी लालबहादुर राम को गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया रजनीश राम इंजीनियरिंग कॉलेज सफेदाबाद बाराबंकी से बीबीए फाइनल का छात्र है। जो अपनी आवश्यकता पूर्ति के लिए इस धंधे में लिप्त है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की हैं।