जंगीपुर देवकठिया गांव में बुधवार की रात द्वारपूजा के दौरान भीड़ के चलते एक मकान का बारजा ढह गया। मलबे में दबकर घराती एवं बाराती पक्ष के 20 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देवकठिया गांव निवासी गणेश कुशवाहा के घर कटैला गांव से बारात आई थी। द्वारपूजा हो रही थी। साथ ही डीजे भी बज रहा था। बारजे पर अधिक भीड़ होने के कारण वह ढह गया। हादसा होते ही अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना के चलते कुछ देर के लिए द्वारपूजा रुक गई। बारजा के मलबे में दबकर प्रमोद कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, भगवंता पांडेय, सुनील यादव, दीपक गुप्ता, अंगद कुशवाहा, प्रिंस, राजेश यादव, शोभनाथ यादव, कृष्णकांत कुशवाहा, प्रीति सहित 20 लोग घायल हो गए। सभी को समाजवादी एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
जानकारी होते ही मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके मिश्र, क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश सिंह, सपा जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, राजू कुशवाहा आदि जिला अस्पताल पहुंचे।