मरदह में अंतरजनपदीय एमएनपीएल प्रीमियम लीग नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी
मरदह। गांव के खेल मैदान में सोमवार की देर शाम आयोजित पांच दिवसीय अंतरजनपदीय एमएनपीएल प्रीमियम लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। फाइनल में बेसिक शिक्षा परिषद की टीम ने दुर्खुर्शी को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि ईंट निर्माता समिति के जिला महामंत्री लल्लन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में बेसिक शिक्षा परिषद और दूसरे सेमीफाइनल में दुर्खुर्शी की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया था।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर बेसिक शिक्षा परिषद की टीम ने दुर्खुर्शी को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रित किया। निर्धारित छह ओवर में दुर्खुर्शी की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाए। जवाब में उतरी बेसिक शिक्षा परिषद की टीम ने पंकज की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत 4.1 ओवर में दो विकेट पर 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंकज ने मात्र 10 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली।
शानदार प्रदर्शन के लिए पंकज को फाइनल का मैन ऑफ द मैच और प्रतियोगिता का मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें कूलर और स्टैंड फैन देकर सम्मानित किया। विजेता टीम को ट्रॉफी, मेडल और 21 हजार रुपये नकद तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी, मेडल और 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर जुगुल यादव, सोनू यादव, बबलू कन्नौजिया, पिंटू सिंह, संदीप सिंह, शिवम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।