दुबिहा। बाराचवर विकास खंड के रामलीला मैदान में बुधवार को विकसित भारत सकंल्प यात्रा व लोक संवाद लोकसभा से ग्राम सभा तक कार्यक्रम के तहत बलिया सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने ब्लाक के तहत लगभग 2.5 करोड़ की लागत से 21 परियोजनाओं का लोकार्पण व ब्लाक परिसर में समाजसेवी स्व.अविनाश सिंह की स्मृति में 25 लाख रुपए की लागत से सभागार निर्माण का शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि देश इस समय अमृतकाल से गुजर रहा है। जाति की राजनीति करने वाला कही का नहीं रह जाता है। जाति से उपर उठकर राजनीति करने की जरूरत है। आजादी के बाद पहली बार मोदी सरकार ने 72 प्रतिशत किसानों की चिंता कर उनकी समस्याओं को दूर किया है। राजनीति में भरोसे का संकट जो था, उसको मोदी सरकार ने दूर कर दिया है।
मोटे अनाज के बारे में कहा कि किसानों को इसको उगाना चाहिए। मोटे अनाज पैदा करने वाले लोग गांव में बसते हैं । मोटे अनाज खाने वाले लोगों को अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होती है। आज फाइव स्टार होटलों में मोटे अनाज परोसे जा रहे हैं। हमारे लोकसभा क्षेत्र के सभी विकासखंडों में मोटे अनाज के बीज का वितरण कराया गया है।
गाजीपुर और बलिया में मोटे अनाज की खरीदारी की व्यवस्था क्रय केंद्र से की गई है। उन्होंने कहा की दुध उत्पादन क्षेत्र में बलिया लोकसभा को पहले नंबर पर लाना है। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर किसान को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उपस्थित महिलाओं से आह्ान करते हुए कहा कि परिवार को टूटने से बचाने में महिलाओं काे आगे आना होगा।
गांवों से निकले हुए युवा भारत को स्वावलंबी तथा विकसित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भुमिका अदा कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग करने को कहा ताकि भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सके। इस मौके पर ब्लाक बृजेंद्र सिंह, शिवजी सिंह, कालीचरन राजभर, आनंद राय मुन्ना, देवेंद्र सिंह आदि थे।