दुल्लहपुर। थाना परिसर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ मास के बड़े मंगलवार को लोगों ने धूमधाम से मनाया।
इस दौरान श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। हनुमान भक्तों ने मंदिर में पूजन-अर्चन, भोग अर्पण के बाद प्रसाद का वितरण किया। इसमें स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में हर वर्ष धूमधाम से ज्येष्ठ माह का बड़ा मंगलवार मनाया जाता है। इस दिन सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के साथ ही पुलिसकर्मियों का तांता लगा रहा।
मंदिर प्रशासन की ओर से मंदिर में पूड़ी-सब्जी, बुनिया व केले का भोग लगाया गया था। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दर्शन-पूजन के बाद मंदिर से बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं, राहगीरों और थाना परिसर में मौजूद लोगों में इस प्रसाद को वितरित किया। तेज गर्मी को देखते हुए आयोजकों की तरफ से पेयजल की उचित व्यवस्था की गई थी। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने कहा कि ज्येष्ठ माह का बड़ा मंगलवार धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है।
धार्मिक मान्यता है कि हनुमान जी अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और संकटों से उबारते हैं। इस मौके पर दीपक चौरसिया, सरवन सिंह, मनोज यादव, राजेश सोनकर, हरकेश यादव, अशोक यादव मौजूद थे।