सोमेश्वर महादेव का दर्शन-पूजन कर किया गुलाल अर्पित
संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार की रात में रंगभरी एकादशी पर जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर से सटे बैजलपुर स्थित सोमेश्वर महादेव शिव मंदिर पर शिव भक्तों ने रंगभरी एकादशी कार्यक्रम का आयोजन किया। भक्तों ने बाबा सोमेश्वर नाथ का फूल मालाओं से शृंगार कर उन्हें दूल्हे के रूप में सजाया। रंगभरी एकादशी से ही होली पूरे शबाब पर चढ़ जाती है।
रंगभरी एकादशी के मौके पर भक्तों ने सोमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर उन्हें गुलाल अर्पित किया। इसके बाद भक्तों ने आपस में जमकर अबीर-गुलाल से होली खेली। आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में मंदिर परिसर में गायन वादन का भी आयोजन हुआ। इस मौके पर मंदिर परिसर में महिलाओं ने भी आपस में जमकर रंग गुलाल लगाकर रंगभरी एकादशी को उल्लासपूर्वक मनाया। इस अवसर पर सुभाष गुप्ता, मनीष राय, सौरभ राय, गोपाल यादव, सुनील गिरि, श्रीराम राय, कमलेश, धर्मेश कश्यप, टोनी वर्मा आदि शामिल थे।