नंदगंज। थाना क्षेत्र के हरखुपुर गांव में सोमवार को जेसीबी की चपेट में आने से बाबा और पोता की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम छा गया था। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।
गांव निवासी शंकर बिंद (55) कच्चा मकान तोड़वाकर नया मकान बनवाने के लिए कार्य शुरू करा रहे थे। कच्चा मकान तोड़वाने के लिए जेसीबी मंगवाया गया था। जेसीबी द्वारा कच्चा मकान तोड़ने का काम चल रहा था। कुछ दूरी पर शंकर बिंद अपने छह वर्षीय पोते अंकित को गोद में लेकर बैठे थे। मकान तोड़कर चालक जेसीबी को पीछे कर रहा था। इसी दौरान जेसीबी चपेट में आने से शंकर बिंद और उनके पोते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराने में जुटे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने आई। कागजी कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि मृतक के पुत्र नंदलाल बिंद ने तहरीर देकर बताया कि जेसीबी की चपेट में आने से पिता और पुत्र की अचानक मौत गई। कागजी कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।