गाजीपुर में भूसा घर में भूसा निकालने के लिए गई छात्रा को सांप ने डस लिया। आनन-फानन परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई।
गाजीपुर जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के धरवार कला गांव में बुधवार की देर शाम पशुओं के लिए भूसा निकालने गई बीए की छात्रा सपना राजभर (18) को सांप ने ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए मऊ स्थित फातिमा अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
धरवार कला गांव निवासी जीतन राजभर ने बताया कि उनकी पुत्री सपना बुधवार की देर शाम पशुओं के लिए भूसा निकालने भूसा घर में गई थी। इसी दौरान सर्प ने उसे डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन उसे लेकर मऊ स्थित फातिमा अस्पताल पहुंचे। हालांकि, उपचार के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया।
सपना बीए की छात्रा थी और तीन भाइयों की सबसे छोटी बहन थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया। इस संबंध में कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सर्पदंश से युवती की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।