शहर के गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित अस्पताल परिसर में बन रहा आयुष्मान काउंटर। संवा
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के 300 बेड के नवनिर्मित अस्पताल के प्रथम तल पर आयुष्मान कार्ड हेल्प डेस्क स्थापित होगा। इसको लेकर कवायद तेज कर दी गई है।
नवंबर माह से इस हेल्प डेस्क का लाभ पात्रों को मिलने लगेगा। वहीं घंटों कार्ड लेकर पात्रों को इधर- उधर नहीं भटकना पड़ेगा। यहीं नहीं उन्हें तत्काल उपचार भी मिल सकेगा।
शहर एवं ग्रामीण इलाकों के अलावा सटे प्रांत और जनपदों से प्रतिदिन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 3500 से 4000 विभिन्न बीमारियों के मरीज उपचार कराने पहुंच रहे हैं। वहीं प्रतिदिन 150 से 200 मरीज आपात कक्ष में पहुंच रहे हैं, जबकि 50 से 60 मरीज प्रतिदिन भर्ती हो रहे हैं।
ऐसे में ओपीडी में भीड़ बढ़ने के कारण पर्ची काउंटर भी भीड़ लगी रहती है। ऐसे में आयुष्मान के पात्रों को उपचार की जानकारी न होने पर उन्हें इधर- उधर भटकना पड़ता है।
पात्रों की इस परेशानी को देखते हुए मेडिकल काॅलेज प्रशासन की ओर से नवनिर्मित 300 बेड के प्रथम तल पर हेल्प डेस्क स्थापित कराने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है, जिससे पात्रों को उनकी बीमारी के मुताबिक ओपीडी तक पहुंचाया जाए।
यहीं नहीं कार्ड धारकों को वरीयता के क्रम में रखते हुए उन्हें तत्काल उपचार मुहैया कराया जाए। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि जल्द ही हेल्प डेस्क स्थापित हो जाएगा। इसको लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण कर लिया गया है।