मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लोगों को जानकारी देते एआरटी सेंटर संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज श्रीवास्तव। स
शहर के गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज के एआरटी सेंटर में बुधवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ लाभार्थियों को नियमित उपचार तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में पीएलएचआईवी कार्यकर्ताओं ने एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) और दवाओं के नियमित सेवन के लाभ तथा उपचार में निरंतरता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही एचआईवी संक्रमण से बचाव के उपायों और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव एवं सामाजिक कलंक समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा अन्य सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई। पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आनंद मिश्रा, संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज श्रीवास्तव, एआरटी सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. अमित यादव, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रवि रंजन, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शफातुल्लाह खान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।