दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के धनाड़ी-देवल मार्ग पर बुधवार को स्कूल वाहन से घर जा रहे कक्षा 11 के एक छात्र को जबरदस्ती पकड़कर बाइक पर बैठाने का मामला प्रकाश में आया। ग्रामीणों एवं चालक के विरोध करने पर बाइक सवार बदमाश भाग गए। बृहस्पतिवार को छात्र के पिता ने तहरीर देकर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
मनिया निवासी जावेद खान ने बताया कि पुत्र अदनान खान कक्षा 11 का छात्र है। वह स्कूल वाहन से घर लौट रहा था। इसी दौरान धनाड़ी गांव के पास दो बाइक पर सवार तीन युवकों ने स्कूल वाहन रोक लिया। इसके बाद पुत्र को जबरदस्ती वाहन से नीचे उतार लिया। आरोपी पुत्र को पकड़कर जबरदस्ती बुलेट पर बैठाने का प्रयास करने लगे। जब पुत्र ने विरोध किया और शोर मचाया तो स्कूल वाहन चालक एवं आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से भाग गए। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।